
हरियर एक्सप्रेस, कांकेर। जिले में तीन तलाक के एक गंभीर मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पीड़िता की ननद शहनाज हिंगोरा को सिमगा से गिरफ्तार किया है। आरोपित को गुरुवार को कांकेर लाकर न्यायालय में पेश किया गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने पति, सास और दो ननदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपित पति ने पीड़िता को फोन पर तीन बार तलाक देकर दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

पुलिस ने शहनाज की गिरफ्तारी के साथ गरियाबंद के सिविल लाइंस समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी पति, सास और अन्य दो ननद अभी भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।

पीड़िता का विवाह के बाद से ही मायके पक्ष में उसके पति, सास और ननद द्वारा दहेज और पैसे के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। 20 जून को पीड़िता के पति ने उसे फोन कर तीन बार तलाक का उच्चारण करके अवैधानिक रूप से तलाक दिया। इसके बाद पीड़िता ने दहेज की मांग और प्रताड़ना की रिपोर्ट कांकेर थाने में दर्ज कराई, जिसके आधार पर अपराध 4 मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019) के तहत पंजीबद्ध किया गया।



